*बदायूं*
*केशव गुप्ता*
बदायूँ पुलिस द्वारा जनपद भर में चौपाल, जागरूकता कार्यक्रम व हेल्पलाइन प्रचार-प्रसार तेज
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ बनाने हेतु संचालित मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के द्वितीय चरण के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में दिनाँक 29.03.2026 को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान मिशन शक्ति टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र में चौपाल, जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रमों में महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित निस्तारण हेतु भी आश्वस्त किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षा की भावना विकसित हो सके।
महिला पुलिस कर्मियों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों/कॉलेजों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पम्पलेट वितरित किए गए तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे— मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि योजना, आयुष्मान योजना, वन स्टॉप सेंटर, महिला शक्ति केंद्र योजना आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों— वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076, एम्बुलेंस सेवा 108, स्वास्थ्य सेवा 102, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 आदि के संबंध में जागरूक किया गया तथा मोबाइल फोन के माध्यम से इमरजेंसी कॉल/पैनिक बटन का डेमो भी दिया गया।
अभियान के दौरान साइबर जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए महिलाओं एवं आमजन को ऑनलाइन धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल/लिंक आदि से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही यह अपील की गई कि कोई भी व्यक्ति अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी जैसे खाता संख्या, एटीएम पिन, ओटीपी, सीवीवी आदि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करे।
जनपद बदायूँ पुलिस द्वारा यह विशेष अभियान दिनांक 19.03.2026 से 17.04.2026 तक लगातार चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को अधिक से अधिक जागरूक, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

