प्रधानमंत्री आवास से वंचित गरीब महिला ने लगाई गुहार
जर्जर हालत में गुजर रहा जीवन
केशव गुप्ता
📍 स्थान: ग्राम कुपरी विकासखंड -जगत, जनपद बदायूं
जनपद बदायूं के विकासखंड -जगत अंतर्गत ग्राम कुपरी की रहने वाली एक गरीब महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने पर जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता अनीता पत्नी ब्रजपाल ने शिकायती पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति की महिला हैं और बेहद दयनीय स्थिति में जीवन यापन कर रही हैं। उनका कच्चा मकान पूरी तरह जर्जर हो चुका है, यहां तक कि छत भी गिर चुकी है, जिससे परिवार के साथ रहने के लिए सुरक्षित स्थान नहीं बचा है।
मजबूरी में महिला अपने परिवार सहित गांव के एक सरकारी स्कूल में शरण लेकर जीवन गुजार रही है। महिला का कहना है कि उसने कई बार ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों से आवास के लिए निवेदन किया, लेकिन अब तक उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया।
पीड़िता का आरोप है कि पात्र होने के बावजूद उसे योजना से वंचित रखा गया है, जबकि अन्य लोगों को इसका लाभ दिया जा चुका है।
महिला ने प्रशासन से मांग की है कि उसकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसे जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सके।
अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

