3:20 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में नगर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुई। सनातन धर्म ध्वजा के साथ प्रारंभ हुई इस शोभायात्रा ने नगर के प्रमुख मार्गों पर भक्ति और संस्कृति का अद्भुत वातावरण प्रस्तुत किया।
शोभायात्रा का शुभारंभ श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष देवेन्द्र कुमार चड्ढा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदर्शन लाल बत्तरा, कोषाध्यक्ष श्री अशोक कुमार नारंग एवं महामंत्री ओम प्रकाश कोचर ने हरी झंडी दिखाकर किया। इसके साथ ही जय श्री राम के गगनभेदी जयघोष के बीच यात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई।

शोभायात्रा में काली अखाड़ा के कलाकारों ने अपने शौर्य और पारंपरिक युद्धकला के रोमांचक प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात विद्यालयों के बच्चों द्वारा भगवान के विभिन्न स्वरूपों में सजी आकर्षक प्रस्तुतियाँ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। आगे बढ़ती झांकियों में राम दरबार की भव्य झांकी विशेष आकर्षण रही, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
सुसज्जित रथों, भजन-कीर्तन मंडलियों, नृत्य कलाकारों और बैंड-बाजों की मधुर धुनों के साथ पूरी यात्रा राममय वातावरण में आगे बढ़ती रही। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत किया और जयघोषों से वातावरण गुंजायमान बना रहा।

सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारियां श्री बाल दुर्गा मंडल, श्री सुंदर काण्ड कमेटी एवं श्री विश्व हिन्दू परिषद महिला संकीर्तन मंडल के सहयोग से की गईं, जबकि श्री महावीर सेवा दल द्वारा शोभायात्रा का सफल संचालन किया गया। भ्रमण मार्ग में स्थान- स्थान पर समाज सेवी संस्थाओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया गया

इस अवसर पर संगठन मंत्री संजीव आहुजा, विकास आहुजा, सुनील मक्कड़ सहित सभा के अन्य सभी पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरी शोभायात्रा ने नगर में धार्मिक एकता, उत्साह और सनातन संस्कृति की भव्य छटा प्रस्तुत की। 🙏🚩

विज्ञापन एक्सप्रेस