12:03 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

जनपद बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशन में थाना उसावां पर गठित मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति-5 अभियान के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया।
इस अभियान के तहत थाना उसावां क्षेत्र के विभिन्न गांवों, सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता हेल्पलाइन) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) की जानकारी विस्तार से दी।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया। टीम द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत न करें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को पहचानने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध के खिलाफ बेझिझक आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि पुलिस प्रशासन हर समय उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस