बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के एनाटॉमी विभाग में सोमवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। उघैती सहसवान निवासी 51 वर्षीय श्रीमती मीना देवी पत्नी सुरेशचन्द्र ने अपने पति से प्रेरणा लेकर देहदान करने का संकल्प लिया और इसके लिए औपचारिक पंजीकरण कराया।
एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन तथा लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कराते हुए संकल्प पत्र भरवाया और देहदान से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
इस अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अरुण कुमार और विभागाध्यक्ष डॉ. मुकत्याज हुसैन ने मीना देवी को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रधानाचार्य ने उनके इस सराहनीय कदम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
कार्यक्रम में योग गुरु गिरिधारी सिंह राठौर ने भी मीना देवी को बधाई देते हुए लोगों से देहदान के प्रति जागरूक होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग देहदान का संकल्प लेना चाहते हैं, वे राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं के एनाटॉमी विभाग से संपर्क कर सकते हैं।
इस मौके पर डॉ. पारूल सक्सेना (सहायक आचार्य), डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, पुष्पेन्द्र पाल, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल और अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

