बदायूँ में युवक और माँ से लूटपाटः घर लौटते समय चार लोगों ने की मारपीट, ₹3500 और सोने की चेन छीनी।
बदायूँ में एक युवक और उसकी माँ के साथ लूटपाट का मामला सामने आया है। मौजमपुर छज्जू निवासी हर्षित पटेल और उनकी माँ मालती देवी जब बदायूँ से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में चार लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट की और नकदी व सोने की चेन छीन ली।
यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे की है। हर्षित पटेल अपनी माँ के साथ घरेलू सामान खरीदने बदायूँ आए थे। वापसी के दौरान हरिकिशन, पवन (पुत्रगण रामौतार), अनेकपाल (पुत्र नत्थू) और करन (पुत्र अनेकपाल) ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।
आरोपियों ने पहले हर्षित और उनकी माँ को गालियाँ दीं। जब हर्षित ने इसका विरोध किया, तो चारों ने मिलकर उन्हें लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने हर्षित की जेब से 3,500 रुपये और उनकी माँ मालती देवी की सोने की चेन छीन ली।
घटना के समय गाँव के ही मनोज कुमार (पुत्र वीरेन्द्र सिंह) और मोहित पटेल (पुत्र सुरेश सिंह) मौके पर पहुँच गए, जिन्होंने पूरी वारदात अपनी आँखों से देखी। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए। हर्षित पटेल ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया मामला मारपीट का है लेकिन फिर भी मामले की जांच की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

