10:53 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में होली की खुमारी, सर्राफा से चौराहे तक रौनक ही रौनक

कुंवरगांव। रंगों के पर्व होली को लेकर कस्बे में उत्साह चरम पर दिखाई दे रहा है। मुख्य सर्राफा बाजार, मुख्य चौराहा और पुरानी चौकी शिव मंदिर क्षेत्र तक हर तरफ रौनक देखने को मिल रही है। बाजारों में रंग, गुलाल, पिचकारी और अन्य सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।

मुख्य चौराहे पर अस्थायी दुकानों की कतारें सजी हुई हैं, जहां अबीर-गुलाल के ढेर, रंग-बिरंगे गुब्बारे और बच्चों के लिए आकर्षक पिचकारियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। युवाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है, जो दोस्तों के साथ खरीदारी करते नजर आए।

कपड़ों की दुकानों पर नए परिधानों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रहीं। वहीं कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी महिलाओं और युवतियों की खासी भीड़ नजर आई। बच्चों में रंग-बिरंगी पिचकारियों और मुखौटों को लेकर खासा उत्साह देखा गया। व्यापारियों के चेहरों पर भी अच्छी बिक्री को लेकर संतोष झलक रहा है।

कस्बे के वार्ड नंबर 7 स्थित होलिका दहन स्थल पर भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विधि-विधान से होलिका स्थापित की गई है।

शाम होते ही बाजारों की चहल-पहल और बढ़ गई। मिठाई की दुकानों पर गुझिया, नमकीन और अन्य पकवानों की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

पूरे कस्बे में त्योहार को लेकर अलग ही उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है। लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है और हर कोई रंगों के इस पर्व को आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाने के लिए उत्सुक दिखाई दे रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस