बदायूं : स्मार्ट मीटर उपभोक्ता जागरुकता पखवाड़ा का सोमवार को समापन हो गया। पखवाड़ा के तहत उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर का प्रयोग करने के साथ ही अन्य जानकारी देकर जागरुक किया गया। वहीं, उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर के फीचर समझाए गए। सोमवार तक जिले में 51 हजार मीटर लगाए जा चुकें हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की ओर से 9 से 23 फरवरी तक स्मार्ट मीटर पखवाड़ा आयोजित किया गया था। इस दौरान जिले में व्यापक स्तर पर उपभोक्ता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रतिदिन जिले के सभी उपकेंद्रों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए। बदायूं में करीब 27 सौ उपभोक्ताओं ने सहायता केंद्रों पर पहुंचकर स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याओं का समाधान कराया। पखवाड़ा के दौरान उपभोक्ताओं को कई प्रकार की सहूलियतें प्रदान की गईं। हेल्प डेस्क के साथ साथ उपभोक्ताओं के घर-घर जाकर स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली, रिचार्ज प्रक्रिया और बिलिंग प्रणाली की जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं के मोबाइल फोन में यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप इंस्टॉल कराकर उन्हें बिजली खपत की रियल टाइम मॉनिटरिंग और ऑनलाइन रिचार्ज की सुविधा से अवगत कराया गया। स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को मौके पर ही सुना और निस्तारित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता अभियान के दौरान स्मार्ट मीटर के फायदे विस्तार से बताए गए, जिसकी उपभोक्ताओं में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। चैक मीटर के माध्यम से पारंपरिक मीटरों की तुलना कर स्मार्ट मीटर की पारदर्शी और सटीक कार्यप्रणाली भी समझाई गई। निगम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगवाकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और डिजिटल व्यवस्था को अपनाने में सहयोग करें।
इसलिए जरूरी है स्मार्ट मीटर—–
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को वास्तविक समय की बिजली खपत की जानकारी प्रदान करते हैं। जिससे वे अपनी खपत पर नजर रख सकते हैं और ऊर्जा की बचत कर सकते हैं। इस स्मार्ट मीटर से गलत बिजली बिल की संभावना नहीं रहती है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी खपत पर नजर रखने की सुविधा मिलती है। साथ ही बिजली कटौती की जानकारी भी पहले से मिल जाती है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर में लोड मैनेजमेंट की सुविधा भी है, जो अधिक बिजली खपत होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट कर देती है।
यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप की 5 बड़ी विशेषताएं —–
लाइव रीडिंग और बैलेंस: अब आप प्रतिदिन कितनी यूनिट बिजली खर्च कर रहे हैं, इसे ऐप पर लाइव देख सकते हैं। साथ ही, प्रीपेड मीटर में कितना बैलेंस बचा है, इसकी जानकारी भी होम स्क्रीन पर उपलब्ध होती है।
घर बैठे रिचार्ज: गूगल पे, फोन-पे या क्रेडिट कार्ड के जरिए सीधे ऐप से ही स्मार्ट मीटर रिचार्ज किया जा सकता है।
शिकायत और समाधान: बिजली कटने या वोल्टेज की समस्या होने पर ऐप के जरिए ही शिकायत दर्ज होगी और उसका स्टेटस भी ट्रैक किया जा सकेगा।
डिस्कनेक्शन की सुविधा: यदि आप अपना कनेक्शन कटवाना चाहते हैं, तो अब विभाग के चक्कर नहीं लगाने होंगे। ऐप के माध्यम से ही आवेदन सबमिट किया जा सकेगा।
पारदर्शिता: बिजली खपत का पुराना डेटा और रिचार्ज हिस्ट्री एक क्लिक पर उपलब्ध होगी, जिससे बिलिंग में गड़बड़ी की आशंका खत्म हो जाएगी।
वर्जन—
अधीक्षण अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि स्मार्ट मीटर से ऑनलाइन भुगतान,रियल टाइम खपत की जानकारी,बिजली उपयोग पर बेहतर नियंत्रण व सटीक बिलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। पखवाड़ा के तहत उपभोक्ताओं को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

