3:14 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ – छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती की धूम: शोभायात्रा पर सर्राफा व्यापारियों ने की पुष्प वर्षा

बदायूँ में छत्रपति शिवाजी महाराज की 397वीं जयंती की धूम: भव्य शोभायात्रा पर सर्राफा व्यापारियों ने की पुष्प वर्षा

बदायूँ। ‘बदायूँ देखो मुल्क मराठों का यहाँ वीर शिवाजी डोला था…’ इन जोशीली पंक्तियों और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ गुरुवार को बदायूँ नगर में हिन्दू पद पादशाही के प्रणेता छत्रपति शिवाजी महाराज की 397वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। मराठा समाज एवं बदायूँ ज्वेलर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा शहर शिवमय नजर आया।
रस्तोगी धर्मशाला में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
उत्सव का शुभारंभ रस्तोगी धर्मशाला में आयोजित भव्य कार्यक्रम के साथ हुआ। यहाँ बच्चों और युवाओं के बीच भाषण प्रतियोगिता एवं विभिन्न रंगारंग सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें शिवाजी महाराज के जीवन और उनके साहसी कृत्यों को जीवंत किया गया।
भव्य शोभायात्रा का गाजे-बाजे के साथ हुआ आगाज
शोभायात्रा का औपचारिक शुभारंभ टिकटगंज स्थित ‘मै. श्याम लाल के नाती’ (हरि कृष्ण वर्मा) के ज्वेलर्स शोरूम पर भगवान के समक्ष नारियल फोड़कर किया गया। दोपहर 3:00 बजे यह विशाल शोभायात्रा भोला धाम से प्रारंभ हुई। यहाँ से पथिक चौक, टिकटगंज चौराहा, सर्राफा मार्केट और पुराना बाजार होते हुए शोभायात्रा आर्य समाज मंदिर पहुँचकर संपन्न हुई।
सर्राफा बाजार में हुआ जोरदार स्वागत
शोभायात्रा का सबसे आकर्षक केंद्र सर्राफा मार्केट रहा। यहाँ बदायूँ ज्वेलर्स एसोसिएशन और सर्राफा एसोसिएशन के समस्त सम्मानित सदस्यों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने खड़े होकर शिवाजी महाराज की प्रतिमा और डोले पर फूलों की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा की। व्यापारियों ने हाथों में भर-भरकर फूल बरसाते हुए मराठा सम्राट के प्रति अपनी अटूट निष्ठा और आदर प्रकट किया।
एसोसिएशन ने जताया आभार
कार्यक्रम के सफल और ऊर्जावान समापन पर बदायूँ ज्वेलर्स एसोसिएशन ने सभी सहभागी व्यापारियों और नगरवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिवाजी महाराज के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणापुंज हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस