जैन मंदिर में भक्तामर महामंत्र का सामूहिक पाठ का हुआ आयोजन
बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या 8 साहबगंज स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सकल जैन समाज के तत्वावधान में णमोकार महामंत्र का सामूहिक पाठ, भक्तामर स्तोत्र पाठ तथा जिनेंद्र स्वामी की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। महिला मंडल की निशा जैन ने बताया कि णमोकार महामंत्र का सामूहिक पाठ किया गया तथा 48 दीपकों के माध्यम से भक्तामर स्तोत्र का विशेष आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार आचार्य मानतुंग को राजा भोज ने 48 ताले वाले कारागार में बंद किया था। आचार्य ने प्रतिदिन एक श्लोक की रचना कर पाठ किया, जिससे क्रमशः सभी 48 ताले खुल गए। जैन समाज के अध्यक्ष मृंगाक कुमार जैन उर्फ टीटू जैन ने बताया कि भक्तामर स्तोत्र प्रथम तीर्थंकर आदिनाथ (ऋषभदेव) की स्तुति में आचार्य मानतुंग द्वारा रचित स्तोत्र है। इसके 48 श्लोकों को मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक जागृति का माध्यम माना जाता है। इस मौके पर विनोद जैन, प्रशांत जैन, इंदु जैन, गुंजन जैन, शालिनी जैन, ज्योति जैन, नीलम जैन सहित जैन समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती में भाग लिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

