बदायूं। 17 फरवरी 2026 को शहर के ऑडिटोरियम में आयोजित योग कक्षा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मिलिट्री चिकित्सालय, बरेली की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ मेजर डॉ. नलिनी राठौर ने गर्भावस्था के दौरान योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि हल्के, सुरक्षित और सरल आसनों, स्वास्थ्य तकनीकों तथा विश्राम की एक समग्र प्रक्रिया है, जो गर्भवती महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होती है।
मेजर डॉ. राठौर ने गर्भावस्था में योग के प्रमुख लाभ बताते हुए कहा कि नियमित अभ्यास से कमर दर्द, पैरों में सूजन व ऐंठन, तनाव और चिंता में कमी आती है। साथ ही नींद में सुधार, रक्त संचार बेहतर होना, श्रोणि मांसपेशियों की मजबूती तथा सामान्य प्रसव की तैयारी में भी सहायता मिलती है। योग मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव को भी सुदृढ़ करता है।
उन्होंने योग करते समय आवश्यक सावधानियों पर भी जोर दिया। योग प्रारंभ करने से पहले चिकित्सक की सलाह लेना, प्रशिक्षित योग शिक्षक के मार्गदर्शन में अभ्यास करना, कठिन, तेज और उल्टे आसनों से बचना, अधिक देर तक सांस रोककर प्राणायाम न करना, पांचवें महीने के बाद पेट के बल अधिक देर तक न लेटना तथा चक्कर, दर्द या रक्तस्राव होने पर तुरंत अभ्यास रोक देना आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने संदेश दिया कि योग कोई प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि इसे अपनी क्षमता और आराम के अनुसार नियमित रूप से करना चाहिए। सुरक्षित और सही अभ्यास से स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर योग कक्षा में लवली चौहान, दीक्षा कश्यप, कमला, शांति, प्रभा सिंह, सुनीता गुप्ता, संध्या यादव, दीपा सिंह, प्रवेश चौहान, अनीता तथा जिला विकास अधिकारी श्री अखिलेश चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
