4:43 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

महाशिवरात्रि पर श्री रघुनाथ जी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की अपार भीड़


बदायूं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के प्रसिद्ध श्री रघुनाथ जी मंदिर (पंजाबी मंदिर) में प्रातः काल से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन अपने आराध्य रघुनाथेश्वर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष और मंत्रोच्चार से गुंजायमान रहा।
मंदिर में विराजमान नर्मदेश्वर शिवलिंग, जिसे पावन नर्मदा नदी से लाया गया था, विशेष आस्था का केंद्र है। श्रद्धालुओं ने दूध, दही, शहद एवं जल से अभिषेक कर भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, भांग, पुष्प और नारियल अर्पित किए।
मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की गई थी। दर्शन हेतु सुव्यवस्थित कतारें बनाई गईं तथा स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि प्रातः काल से ही जलाभिषेक का क्रम जारी है और रात्रि में भी भक्तों की उपस्थिति बनी रहेगी। उन्होंने जानकारी दी कि आज रात्रि 9 बजे से 12 बजे तक भोलेनाथ का भव्य संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।

विज्ञापन एक्सप्रेस