अलापुर। चौकी म्याऊं क्षेत्र के ग्राम अल्लापुर में घर के बाहर खेलने गए तीन वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जाता है कि अल्लापुर निवासी रोहताश की पत्नी सुबह करीब दस बजे खाना बनाने में व्यस्त थीं। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय पुत्र लकी घर के बाहर खेलते-खेलते निकल गया और पास स्थित तालाब तक पहुंच गया।
कुछ देर बाद जब उसकी मां ने खाना बनाने के बाद बच्चे को तलाश किया तो वह आसपास कहीं दिखाई नहीं दिया। परिजनों ने पड़ोस के बच्चों से पूछताछ की और खोजबीन शुरू की। थोड़ी देर बाद तालाब में बच्चे का शव तैरता हुआ मिला।
परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी डूबने से मौत हो चुकी थी। मृतक दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर का था। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने गांव में ही मासूम को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

