सनातन संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का किया गया आह्वान
वजीरगंज, बदायूं।
कस्बा वजीरगंज स्थित आर.के. अकैडमी स्कूल परिसर में बुधवार को विराट हिंदू महा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन के मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन धर्म की प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर जनजागरूकता फैलाना रहा।
सम्मेलन की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात नगर के संगीत कला केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म की पहचान हमारी प्राचीन परंपराओं से है। व्यक्ति को अपने जीवन में तिलक, शिखा और जनेऊ धारण कर सनातन संस्कृति को जीवित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें भगवान एवं महापुरुषों द्वारा बताए गए मार्ग पर चलकर अपने जीवन को सार्थक बनाना चाहिए।
विधायक ने लोगों से अपील की कि प्रत्येक सनातन धर्मावलंबी अपने घर में तुलसी का पौधा अवश्य लगाए और रामायण, भगवद्गीता जैसे कल्याणकारी ग्रंथों का नियमित रूप से पूजन-पाठ एवं स्मरण करे। साथ ही बच्चों को भी इन ग्रंथों के संस्कार देने चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ी अपनी संस्कृति और धर्म से जुड़ी रहे।
कार्यक्रम का संचालन राजेश चंद्र गुप्ता ने किया। इस अवसर पर बिट्टन सिंह पहलवान, पवन खरे, राहुल वार्ष्णेय, सजय महाजन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राघव चौहान, राजीव जैकी, जिला पंचायत सदस्य जयपाल दिवाकर, नरेश गुर्जर सहित कस्बा एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं सनातन धर्म के अनुयायी उपस्थित रहे।
सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ ने यह संदेश दिया कि क्षेत्र में सनातन संस्कृति और परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था और जागरूकता निरंतर बढ़ रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

