10:19 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

यूपी बोर्ड परीक्षा- 18 फरवरी से तैयारियां तेज, कैमरे की निगरानी में होगी कॉपियों की पैकिंग

बदांयू 5 फरवरी।

यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं 18 फरवरी से होंगी। सीसीटीवी और वॉयस रिकॉर्डर की निगरानी में कॉपियों की पैकिंग होगी। शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलों के डीआईओएस को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और वॉयस रिकॉर्डर की नियमित जांच करेंगे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों का विशेष निरीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट रोजाना परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगे। अपनी उपस्थिति में डबल लॉक खुलवाकर निर्धारित प्रश्नपत्र निकलवाएंगे और दोबारा लॉक को सील कराएंगे।

परीक्षा केंद्र पर आवंटित परीक्षार्थियों के सापेक्ष सभी व्यवस्थाओं और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा भी करेंगे। केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्र पर कॉपियों व प्रश्नपत्र पहुंचने से तीन दिन पूर्व स्ट्रांग रूम की स्थापना करेंगे, जहां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रहेंगे। सभी कक्ष निरीक्षकों को अपने-अपने केंद्र व्यवस्थापकों को नियमित रूप से रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा।

डीआईओएस ने बताया कि परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका के प्रत्येक पृष्ठ पर अपना अनुक्रमांक और उत्तर पुस्तिका क्रमांक लिखना अनिवार्य होगा।

परीक्षार्थियों को जूते-मोजे उतरवाकर परीक्षा नहीं कराई जाएगी।
छात्राओं की तलाशी केवल महिला शिक्षिकाएं ही करेंगी।
सीटिंग प्लान का कड़ाई से पालन होगा, 50 फीसदी बाह्य कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
परीक्षा केंद्र परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस