9:17 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी में गर्मी से पहले बिजली विभाग की तैयारी तेज

15 से 28 फरवरी तक होगा मेंटेनेंस कार्य
बिल्सी। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं को निर्बाध और बेहतर विद्युत आपूर्ति देने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को बिल्सी उपखंड अधिकारी जेपी राजपूत ने बिल्सी विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार कार्यों के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी ने बताया कि 15 फरवरी से 28 फरवरी तक क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और बिजली लाइनों का व्यापक मेंटेनेंस कार्य कराया जाएगा। इसके लिए विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में पहले से ही तैयारियां करना जरूरी है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगे सभी ट्रांसफार्मरों के आसपास सफाई कराई जाएगी। जर्जर और कमजोर बिजली लाइनों को दुरुस्त किया जाएगा। जिन ट्रांसफार्मरों में तकनीकी खामियां पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाएगा। साथ ही ट्रांसफार्मरों में तेल की मात्रा की जांच भी की जाएगी, ताकि ओवरलोड या फाल्ट की स्थिति से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने मौके पर मौजूद कर्मचारी सुबोध कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की इन तैयारियों से आने वाले गर्मी के मौसम में बिजली उपभोक्ताओं को बेहतर और सुचारु आपूर्ति मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस