बिल्सी में साप्ताहिक बंदी दिवस बेअसर
डीएम के आदेशों की खुलेआम हो रही अनदेखी
बिल्सी। पूर्व में डीएम के निर्देशन में जिलेभर में साप्ताहिक बंदी दिवस लागू किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में बिल्सी नगर के लिए बृहस्पतिवार का दिन साप्ताहिक बंदी दिवस निर्धारित है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। नगर में साप्ताहिक बंदी दिवस का कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है। बृहस्पतिवार को भी नगर के अधिकांश बाजारों में दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली रहीं। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते दुकानदार डीएम के आदेशों की खुलेआम अवहेलना करते नजर आए। न तो किसी प्रकार की निगरानी की गई और न ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई होती दिखी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि साप्ताहिक बंदी दिवस का उद्देश्य न केवल यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है, बल्कि दुकानदारों एवं कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश भी प्रदान करना है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है। नगर निवासी कमलेश शर्मा, पुरुषोत्तम शाक्य, योगेश शर्मा, अरविंद कुमार, वसीम अकरम, मोहित कुमार, संजीव कुमार, रोहित कुमार सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि साप्ताहिक बंदी दिवस का पूर्ण रूप से पालन कराया जाए और आदेशों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शासन के निर्देशों की गरिमा बनी रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
