सहालग नजदीक आते ही शुरू हुई बर्तनों की खरीदारी
भाव चढ़े देख लोग कम वजन के बर्तनों से चला रहे काम
उझानी-बदांयू 28 जनवरी।
सहालग का सीजन आते ही मांगलिक कार्यक्रमों के लिए लोग खरीदारी में जुट गए हैं। इस बार पीतल-तांबे के बर्तनों की कीमतों में 15 फीसदी तक का उछाल आया है। भाव चढ़ा देख लोग कम वजन के बर्तनों से काम चला रहे हैं।

वसंत पंचमी के बाद सहालग का सीजन शुरू हो गया है। सोना-चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं, ऐसे में बर्तन बाजार में लोग खरीदारी को पहुंच रहे हैं। यहां उन्हें पीतल के दामों में आई तेजी के चलते अपना बजट व्यवस्थित करना पड़ रहा है। ऐसे में लोग वजन में कटौती कर खरीद कर रहे हैं।
शहर के कछला रोड और बिल्सी रोड स्थित बर्तनों की दुकानों पर मंगलवार को लोग खरीदारी करते नजर आए।
बर्तन कारोबारी साहिल गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार पीतल और तांबे की कीमतों में करीब 15 फीसदी की वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि ऐसे में शादी विवाह के लिए खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहक वजन में कटौती कर काम चला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि तिलक की रस्म में पीतल की थाल चलती है। तिलक के लिए लोग साढ़े पांच किलो की जगह साढ़े तीन किलो वाली थाल खरीदकर काम चला रहे हैं।
इसी तरह पैर पूजन की रस्म में लगने वाली छोटी थाल, पचहड़ के साथ स्टील आदि में कम वजन वाले बर्तन तलाश रहे हैं। इसके अलावा लोग तोहफे में देने के लिए डिनर सेट व अन्य बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं।
बर्तन धातुओं के भाव पर एक नजर
धातु – भाव
पीतल- 800 से 1000 रुपये किलो
तांबा-1100 रुपये प्रति किलो।
कांसा-800 रुपये प्रति किलो।
स्टील-220 रुपये प्रति किलो।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

