बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव दिधौनी में रविवार को भव्य कलश यात्रा निकालकर सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में गांव की तमाम छोटी-बड़ी कन्याओं ने डीजे व ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे गांव में भ्रमण किया, जो कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। ग्राम प्रधान रामगोपाल शाक्य ने बताया कि एटा के भरतोली से पधारीं शास्त्री बबली किशोरी के मुखारविंद से सात दिवसीय भागवत कथा का गुणगान किया जाएगा। प्रथम दिवस में किशोरी जी ने आत्मदेव, गोकर्ण एवं धुंधकारी की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। भागवत कथा के साथ-साथ सात दिवसीय हवन-यज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालुओं द्वारा आहुतियां दी जा रही हैं। कथा आयोजन में रामप्रकाश, मुकेश शर्मा, सुरजीत, अजयपाल, नितिन सहित अन्य ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग रहा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
