।
उझानी- बदांयू 15 जनवरी।
मकर संक्रांति का पावन पर्व कछला गंगा घाट पर आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कल के बाद आज भी कछला गंगा घाट पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने गंगा में पवित्र स्नान कर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और गुड ,तिल की गजक ,तिल के लड्डू,पापड सहित वस्त्र, दाल चावल के साथ खिचड़ी का दान किया, परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।



इस दौरान गंगा घाट के पुजारी पंडित राजकिशोर ने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है, जिसे लेकर दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंचे हैं। पावन स्नान को लेकर प्रशासन और नगर पंचायत द्वारा घाट पर साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे, जिससे स्नान शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ। घाट क्षेत्र में पूरे दिन भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालु जयकारों के साथ पर्व की खुशियां मनाते नजर आए।
वहीं दूसरी ओर शहर में पतंगबाजी का भी खास उत्साह देखने को मिला, जहां सुबह से ही पतंग प्रेमी छतों पर चढ़कर पतंग उड़ाते दिखाई दिए। मकर संक्रांति के इस पर्व ने शहर को धार्मिक आस्था और लोक उत्सव के रंग में रंग दिया।
राजेश वार्ष्णेय एमके

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
