भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांत बौद्ध नैतिकता की नींव हैं: ममता
बांस बरौलिया में आठ दिवसीय बुद्ध कथा का शुभारंभ
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया में सम्राट अशोक महान जनकल्याण समिति की ओर से आयोजित आठ दिवसीय बुद्ध कथा का सोमवार की शाम पूर्व जिला पंचायत सदस्य ममता शाक्य ने फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। आयोजक समिति के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों ने ममता शाक्य का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के पंचशील सिद्धांत बौद्ध नैतिकता की नींव हैं, जिनका पालन कर संयमित और सदाचारी जीवन जिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का अष्टांगिक मार्ग, मध्यम मार्ग और पंचशील सिद्धांत हमें वर्तमान में जीने, क्रोध का त्याग करने और करुणा के साथ जीवन व्यतीत करने की प्रेरणा देते हैं। मौर्य, शाक्य, कुशवाहा, सैनी समाज के जिलाध्यक्ष रामेश्वर शाक्य ने कहा कि मनुष्य का मन ही उसके जीवन की दिशा तय करता है। भगवान बुद्ध ने कहा है कि हम जो सोचते हैं, वही बन जाते हैं। उन्होंने शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी को अपने बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देना चाहिए। इस मौके पर गजेंद्र सिंह तोमर, मुकेश चंद्र मौर्य, महीपाल मौर्य, अमर सिंह, श्रीपाल, किशुनलाल, ओमकार शाक्य, कृष्णपाल, श्याम सिंह, अर्पित शाक्य, रिंकू मौर्य, हेमेंद्र शाक्य, नीरेश शाक्य, विनय शाक्य, नरेश शाक्य, भगवान सिंह शाक्य आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

