1:29 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

आयु सीमा में मिली छूट से पुलिस भर्ती के अभ्यर्थियों में खुशी की लहर

बदांयू 8 जनवरी।

उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। यूपी पुलिस और जेल विभाग की सीधी भर्ती में आयु सीमा में तीन साल की विशेष छूट दी गई है। यह फैसला कांस्टेबल और उससे जुड़े समकक्ष पदों की सीधी भर्ती 2025 के लिए लागू होगा। स्थानीय युवाओं ने इसका स्वागत किया है, उन्हें इसका पूरा लाभ मिलेगा।

ज्ञात रहे जल्द ही आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, सशस्त्र पुलिस, विशेष सुरक्षा बल, महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डन जैसे अहम पदों पर भर्ती होनी है।

नई व्यवस्था के अनुसार सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा को 22 वर्ष से बढ़ाकर 25 वर्ष कर दिया गया है। वहीं सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। इससे उन महिला अभ्यर्थियों को भी राहत मिलेगी, जो कुछ सालों से भर्ती का इंतजार कर रही थीं।

वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को भी इस फैसले का बड़ा लाभ मिलेगा। इन वर्गों के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 27 वर्ष से बढ़ाकर 30 वर्ष कर दी गई है, जबकि महिलाओं के लिए यह सीमा 30 वर्ष से बढ़ाकर 33 वर्ष कर दी गई है। अब पहले से ज्यादा उम्र के युवा भी यूपी पुलिस भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे।

सरकार की ओर से यह भी साफ किया गया है कि आयु सीमा में छूट एक बार के लिए विशेष रूप से दी जा रही है। इसका लाभ सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को मिलेगा। हम भी इसका पूरा फायदा ले सकेंगे।
राखी सारस्वत बदायूं।

ओवरएज की वजह से कई युवाओं ने आवेदन नहीं किया था, लेकिन शासन ने तीन वर्ष की आयु सीमा में छूट दी है। मैं भी बीते कई वर्षों से तैयारी कर रहा हूं। उम्मीद है कि इस बार जरूर कामयाब हो जाऊंगा। राकेश शाक्य, बिनावर बदायूं।

बहुत से युवाओं का पुलिस भर्ती में शामिल होने का सपना अधूरा रहने वाला था, लेकिन सरकार ने छूट देकर इसे पूरा करने की उम्मीद जगा दी है। अब इसका न सिर्फ लाभ लेंगे, बल्कि भर्ती भी होकर दिखाएंगे।
अनिल कुमार सिंह, खेड़ा नवादा बदायूं।

प्रदीप प्रजापति

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.