दिनांक 6 जनवरी 2025 को राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं द्वारा गोद लिए गए ग्राम सालारपुर के सर्वांगीण विकास हेतु उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं महिला स्वास्थ्य विषय पर एक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन्नत भारत अभियान की भावना के अनुरूप ग्रामीण समुदाय, विशेषकर महिलाओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर जागरुक करना था।
कार्यक्रम का आयोजन उन्नत भारत अभियान समन्वयक एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० ऋषभ भारद्वाज तथा रेंजर्स प्रभारी डॉ० सरिता गौतम द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम राजकीय महिला महाविद्यालय बदायूं और होप यूनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेंजर्स की स्वयंसेविकाओं ने गांव में सर्वेक्षण कर महिलाओं की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में होप यूनिटी फाउंडेशन की निदेशक डॉ० कृष्णा सिंह ने महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। वहीं महिला कल्याण विभाग की जेंडर विशेषज्ञ श्रीमती प्रीति चौहान ने महिलाओं को विभिन्न महिला हेल्पलाइन सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं को सैनिटरी पैड्स का वितरण किया गया। इस अवसर पर होप यूनिटी फाउंडेशन के श्री योगेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।



उल्लेखनीय है कि उन्नत भारत अभियान का उद्देश्य उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से गांवों के सर्वांगीण विकास में सहभागिता सुनिश्चित करना है, जिसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण एवं सामाजिक जागरुकता जैसे विषयों पर निरंतर कार्य किया जाता है। कार्यक्रम में लगभग 60 ग्रामीणों ने सहभागिता की और जागरुकता सत्रों से लाभ प्राप्त किया।


महाविद्यालय में स्वयंसेविकाओं द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ० वंदना ने कार्यक्रम की सफलता के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेंजर्स की स्वयंसेवी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

