असौली में राजस्व टीम ने नाले की भूमि कराई मुक्त
अवैध कब्जा हटते ही ग्रामीणों में खुशी
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव अहमदनगर असौली में मंगलवार को राजस्व टीम ने कार्रवाई करते हुए एक नाले पर किए गए अवैध कब्जे को हटाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कब्जेदारों में हड़कंप मच गया, जबकि ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए खुशी जाहिर की। बताया गया कि गांव के पूर्व प्रधान सुल्तान सिंह यादव ने हाल ही में तहसील दिवस के दौरान एसडीएम को एक प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि रास्ते की गाटा संख्या 226 पर स्थित नाले के निर्माण की भूमि पर गांव के हरिओम सिंह ने अवैध कब्जा कर लिया है। आरोप है कि कब्जेदार ने करीब 100 वर्ग मीटर सरकारी भूमि को अपने प्लॉट में शामिल कर लिया था, जिससे गांव के लोगों को आवागमन और जल निकासी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व टीम गांव पहुंची। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध कब्जा हटवाकर नाले की भूमि को मुक्त कराया। इस दौरान टीम में सूरज भारती, विनोद कुमार सिंह, दुर्गेश कुमार, विजेंद्र पाल सिंह, सचिन कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com