1:51 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

भीषण ठंड में हाईवे किनारे ठिठुरने को मजबूर सैकड़ों गोवंश

सरकारी इंतजाम नदारद, ग्रामीणों ने देखकर जताई चिंता
बिल्सी। शाहबाद-कछला हाइवे पर स्थित क्षेत्र के गांव गुधनी में हाईवे किनारे इस भीषण ठंड के बीच सैकड़ों आवारा गोवंश खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। कड़ाके की सर्दी में न तो इनके लिए किसी प्रकार का अस्थायी आश्रय है और न ही चारे-पानी की समुचित व्यवस्था। इससे गोवंशों की हालत दिन-प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। गांव संजीव आर्या, पिंकू श्रीवास्तव, सुखवीर, प्रवीन माहेश्वरी, मनोज श्रीवास्तव, लवकुमार, अशोक कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ने के साथ ही गोवंश हाईवे किनारे झुंड बनाकर खड़े रहते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर गोवंश घायल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण के लिए गोशालाओं और शीत ऋतु में विशेष इंतजामों के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। गुधनी गांव के आसपास न तो पर्याप्त गोशालाएं हैं और न ही मौजूदा गोशालाओं में इन सैकड़ों गोवंशों को रखने की क्षमता। भीषण ठंड में कई गोवंश भूख और सर्दी से बीमार पड़ रहे हैं। कुछ कमजोर गोवंशों के मरने की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से गोवंशों के लिए अस्थायी शेड, भूसे और पानी की व्यवस्था कराई जाए, साथ ही उन्हें सुरक्षित गोशालाओं में पहुंचाया जाए। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो न केवल गोवंशों की जान पर संकट बढ़ेगा, बल्कि हाईवे पर चलने वाले राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस