बिल्सी। नगर समेत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में बृहस्पतिवार को बिजली विभाग की ओर से उपभोक्ता सुविधा एवं समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। रायपुर, मझारा, हथरा, बेहटा गुंसाई, कोठा और पुसंगवां गांवों में लगाए गए इन शिविरों में बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे और एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) एवं बकाया जमा कराने से जुड़ी अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। उपखंड अधिकारी जयप्रकाश राजपूत ने उपभोक्ताओं की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को ओटीएस योजना की जानकारी देते हुए अपील की कि वे समय रहते इस योजना का लाभ उठाकर बकाया बिजली बिलों से राहत प्राप्त करें। बिजली विभाग की ओर से आयोजित इन शिविरों में कुल 196 बकाएदार उपभोक्ताओं का ओटीएस योजना के अंतर्गत पंजीकरण कराया गया। वहीं बकाया वसूली के तहत विभाग ने करीब 19.50 लाख रुपये की धनराशि भी जमा कराई, जिससे विभाग को राजस्व प्राप्त हुआ और उपभोक्ताओं को भी राहत मिली। इस मौके पर अवर अभियंता गजेंद्र पाल सिंह, उमाशंकर, रामस्वरुप, मनोज कुमार, राजेश कुमार, सूरज पटेल सहित बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

