राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में दिनांक 13 दिसम्बर 2025 को “यौन उत्पीड़न रोकथाम सप्ताह” के अंतर्गत एक जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति सजग करना था। कार्यक्रम में कोतवाली बदायूँ से उपनिरीक्षक श्री बाबू खां एवं श्रीमती कंचनलता शुक्ला ने सहभागिता की तथा उन्होंने महिलाओं से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, कानूनी प्रावधानों एवं आपात स्थितियों में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० वंदना ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास का विकास करते हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सचेत बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे किसी भी प्रकार की असहज स्थिति में चुप न रहें और उपलब्ध कानूनी एवं सामाजिक सहायता का उपयोग करें।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० ऋषभ भारद्वाज ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा ही नहीं, बल्कि छात्राओं को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरुक कर उन्हें सशक्त बनाना भी है। उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न रोकथाम सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इस कार्यक्रम में आईक्यूएसी समन्वयक श्रीमती अर्चना पांडेय, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ० सतीश कुमार, डॉ० बृजेश कुमार, श्री रोहित कुमार सहित महाविद्यालय के विभिन्न संकायों की छात्राएं उपस्थित रहीं।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

