पिछले दिनों रोडवेज बस में छूट गया था महिला का पर्स
बिल्सी। ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए रोडवेज बस के एक परिचालक ने उस महिला का पर्स वापस कर दिया, जो सफर के दौरान बस में ही छूट गया था। पर्स में कीमती आभूषण और मोबाइल फोन समेत कीमती सामान होने के बावजूद परिचालक ने उसे सुरक्षित रखकर महिला तक पहुंचाया। उसकी इस ईमानदारी पर बुधवार की रात अंबियापुर चौराहे पर नगर के व्यापारियों ने परिचालक को सम्मानित किया। मामला मुरादाबाद के पीतल नगरी डिपो की उस रोडवेज बस से जुड़ा है, जो मुरादाबाद वाया बिल्सी, कासगंज, एटा, मैनपुरी मार्ग पर चलती है। कुछ दिन पूर्व उक्त बस एटा जा रही थी। इसी दौरान बिल्सी निवासी मोहल्ला संख्या एक की उतरी प्रीति जैन यात्रा कर रही थीं। बस से उतरते वक्त उनका पर्स सीट पर ही छूट गया, जिसमें उनके आभूषण और मोबाइल फोन रखे थे। बस के अगले स्टॉप एटा पर परिचालक प्रभात सिंह की नजर पड़ी तो उसने पर्स को सुरक्षित रख लिया और अपने स्तर से यात्री का पता लगाने का प्रयास शुरू किया। अंततः जब महिला से संपर्क हुआ, तो परिचालक ने उन्हें बुलाकर पर्स सहित सारा सामान सुरक्षित रूप से वापस कर दिया। परिचालक की इस ईमानदारी से प्रभावित होकर नगर के व्यापारियों ने उन्हें सम्मानित किया और प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कर्म समाज में विश्वास और भरोसा बढ़ाते हैं। इस मौके पर कोतवाल मनोज कुमार, क्राइम इंस्पेक्टर वीके मौर्य, दीपक चौहान, लोकेश बाबू, सुधीर सोमानी, अमित वाष्र्णेय, सुरेश गुप्ता, नितिन बाबू, राकेश माहेश्वरी आदि व्यापारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

