बदायूं जिले के बिल्सी नगर में गल्ला मंडी के पास एक ट्रैक्टर और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इस हादसे में ई-रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार दो बच्चों सहित पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को बिल्सी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में कासगंज जनपद के दिधौनी निवासी देवेंद्र, उनकी सास कांति देवी और उनके दो बेटे शनि व संजीव शामिल हैं। इनके साथ रफीनगर निवासी चरण सिंह भी ई-रिक्शा में सवार थे।
ये सभी उघेती थाना क्षेत्र के खंडुआ गांव जा रहे थे। देवेंद्र ने बताया कि जैसे ही ई-रिक्शा बिल्सी गल्ला मंडी के पास पहुंचा, सामने से आ रहे ईंटों से भरे एक ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा हाईवे पर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। ई-रिक्शा में भी काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

