5:04 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

आंवला–बदायूं मार्ग पर ट्राला–बस में जोरदार भिड़ंत, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की मांग तेज

कुंवरगांव। आंवला–बदायूं मुख्य मार्ग पर गंज तिराहे के पास मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते–होते टल गया। बदायूं की दिशा से आ रहा गन्ने से ओवरलोड और तेज रफ्तार में दौड़ रहा ट्राला अचानक बराबर चल रही यात्री बस से बुरी तरह भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला शीशा तेज धमाके के साथ टूटकर बिखर गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में दहशत और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राला पूरी तरह ओवरलोड था और चालक लापरवाही से वाहन दौड़ा रहा था। इस मार्ग पर ओवरलोड ट्रालों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं। लगातार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में भारी आक्रोश है।

हादसे के बाद मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। ट्रैफिक संभालकर सड़क खाली कराई, लोगों ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि ओवरलोड वाहनों पर समय रहते नकेल कसी होती तो इस तरह की घटनाएं टाली जा सकती थीं।

हालांकि गनीमत यह रही कि इस भिड़ंत में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ, लेकिन लोगों ने चेताया कि अगर स्थिति यूं ही बनी रही तो किसी दिन बड़ा हादसा होना तय है। क्षेत्रवासियों ने ओवरलोड ट्रालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव।

 

 

विज्ञापन एक्सप्रेस