10:56 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सोने चांदी के भाव लुढ़के तो ग्राहकों की चांदी, कारोबारियों को लग रहा झटका

बदांयू 23 अक्टूबर।

आसमान पर जाने के बाद सोने-चांदी के दाम तेजी से नीचे आ रहे हैं। आठ दिन में चांदी के भाव में 34 हजार रुपये किलो तक की कमी आ चुकी है। पांच दिन में सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम 7900 रुपये की कमी दर्ज हुई है। दोनों धातुओं के दामों में तेज गिरावट से निवेशकों और कारोबारियों को झटका लगा है जबकि ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। आगे भी गिरावट का अनुमान है।

14 अक्तूबर को चांदी का भाव प्रति किलो 1,86,000 रुपये था। अब भाव प्रति किलो 1,52,000 रुपये हो गया है। इसी तरह 17 अक्तूबर को सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 1,33,900 रुपये था। अब भाव 1,26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर चल रहा है।

एमसीएक्स पर सोने का भाव प्रति 10 ग्राम 121,000 और चांदी का भाव 1,44,598 रुपये प्रति किलो के स्तर पर आ गया है। 20 सितंबर से सोना-चांदी के भावों में रफ्तार पकड़ना शुरू की थी और दिवाली आते-आते इनके भाव उच्च स्तर पर चले गए थे। भावों में इतनी तेजी के चलते सिल्वर ईटीएफ फंड ऑफ फंड्स में नए निवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई थी।

सर्राफा कारोबारियों ने पुराना सोना-चांदी तक खरीदना बंद कर दिया था। तेजी के बीच निवेशकों और दिवाली को देखते हुए सर्राफ ने तगड़ा स्टाक किया था। कारोबारियों ने बताया कि बदांयू समेत देश में त्योहारी मांग खत्म हो गई है।


इसके अलावा भारत-अमेरिका, चीन-अमेरिका के बीच टैरिफ संकट खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा अमेरिका में शटडाउन खत्म होने वाला है। इससे भी सोने-चांदी की मांग तेजी से घटी है।

मांग घटने से भावों में एकदम से गिरावट आ गई है। इससे निवेशकों और सर्राफ को नुकसान भी हुआ है। जिस तरह से भाव कम हो रहे हैं। आगे और भी भाव कम होने का अनुमान है। भावों में कमी होने से ग्राहकों को लाभ मिल सकेगा। जल्द सहालग शुरू होने वाले है।

विज्ञापन एक्सप्रेस