2:53 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

भव्य राम बारात से गूंजा नगर कुंवर गांव भक्तिमय हुआ माहौल

कुंवर गांव नगर में मंगलवार को

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की भव्य बारात धूमधाम और पूरे भक्तिभाव के साथ निकाली गई। इस अवसर पर पूरा नगर राममय हो गया।

यह रामवारात ठाकुरद्वारा मंदिर से प्रारंभ होकर सर्राफा बाजार, पोरवाल मार्केट, मुख्य चौराहे, थाना परिसर,साप्ताहिक बाजार चौराहे, खाटूश्याम मंदिर, मौर्या समाज,गंवादेव मंदिर, होते हुए रामलीला मैदान पर पंहुची जहाँ मेला अध्यक्ष घनेन्द्र पाल सिंह ने भगवान राम, सीता व लक्ष्मण, हनुमान जी आदि सभी का तिलक कर स्वागत किया।

भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों से सजी बारात को देखने के लिए नगर भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।

झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र:

बारात में कई मनमोहक और आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जो श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें भगवान राम के जीवन प्रसंगों से जुड़ी झांकियां, राधा-कृष्ण की झांकी और शिव-पार्वती की झांकी प्रमुख थीं।

बैंड-बाजे की धुन पर झूमे भक्त:

पूरे मार्ग पर बैंड-बाजों की मधुर धुन पर भक्तगण जमकर झूमते नजर आए। जय श्रीराम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, हर कोई इस अलौकिक दृश्य को अपने कैमरे में कैद करने को आतुर था।

पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत:

बारात का नगर के मुख्य मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति रानी के द्वारा राम बारात के दौरान नगर में साफ सफाई व चूना डलवाया गया तथा जगह-जगह पेय जल की व्यवस्था करवाई गई ।

सुरक्षा के थे कड़े इंतजाम:

इस भव्य आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जिससे बारात सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंची।

यह आयोजन हमारे नगर की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को दर्शाता है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगांव

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.