11:44 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बारिश में गलियां खोदीं, टैंक का काम अधूरा – जल निगम पर बरसा गुस्सा

अधिशासी अभियंता को सौंपा शिकायती पत्र

कुंवरगांव। जल जीवन मिशन के तहत फरीदपुर चकोलर में ओवरहेड टैंक का निर्माण अधूरा होने के बावजूद पाइपलाइन डालने के कार्य को लेकर ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण को शिकायती पत्र सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में टैंक न होने के बावजूद ठेकेदार गलियों की सड़कों को खोदकर पाइपलाइन डालने की तैयारी कर रहा है। जब ग्रामीणों ने जानकारी मांगी तो पता चला कि पानी की सप्लाई के लिए औरंगाबाद खालसा में टैंक बनाया जा रहा है, जहां से चकोलर को भी पानी दिया जाएगा।

ग्रामीणों की आपत्ति
ग्रामीणों का कहना है कि चकोलर औरंगाबाद खालसा से लगभग तीन किलोमीटर दूर है और ऊंचाई पर स्थित है, ऐसे में पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पाएगी। इसके अलावा औरंगाबाद खालसा में भी टैंक का काम अधूरा पड़ा है, केवल बोरिंग की गई है और कार्य बंद है।

बरसात के मौसम में गलियों की खुदाई से लोगों को भारी दिक्कतें होंगी। ग्रामीणों ने मांग की कि ओवरहेड टैंक का काम पूरा होने से पहले पाइपलाइन का काम रोका जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में शामिल लोग
धनपाल, गिरीश पाल, हेतराम पाल, महेंद्र पाल, घनश्याम पाल, मोहनलाल, तोताराम, अमित पाल, राजू पाल, मैकू हसन, विनोद कुमार, गंगा प्रसाद, लालाराम, मनोज पाल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव

विज्ञापन एक्सप्रेस