11:17 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

कांवड़ यात्रा-नए ट्रेंड के गमछे और कुर्ते खरीद रहे शिवभक्त

कावड़ में बढ़ी रंग-बिरंगे कपड़ो की मांग।
————–+ उझानी बदांयू 19 जुलाई।

कांवड़ यात्रा अब नए फैशन ट्रेंड का हिस्सा भी बन गई है। कांवड़ यात्रा शुरू होने पर शिवभक्त नए ट्रेंड के अनुरूप आकर्षक डिजाइन वाले गमछे और कुर्ते खरीद रहे हैं। सबसे अधिक भगवा, नीले, सफेद और काले रंग के परिधानों की मांग है।

शिवभक्तों के बीच परिधानों की भी कड़ी प्रतिस्पर्धा है। अलग-अलग ग्रुप नए फैशन आइकन के साथ परिधान खरीद रहे हैं। इस समय प्रमुख बाजारों में विभिन्न डिजाइनों और रंगों में कुर्ते, गमछे, टीशर्ट, तौलिये कांवड़ियों के लिए उपलब्ध हैं।

बाइपास स्थित कांवड़ बाजार के दुकानदार विश्नू वार्ष्णेय ने बताया कि कांवड़ियों के लिए 11 रंग के कुर्ते बाजार में तैयार किए गए हैं। सुनील ने बताया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही गमछे, टी-शर्ट और तिरंगे की मांग काफी बढ़ जाती है। युवा शिवभक्त स्टाइल में भी पीछे नहीं हैं। गमछों पर खासतौर से ओम नम: शिवाय, जय महाकाल, नीलकंठ महादेव जैसे विशेष संदेश लिखे गए हैं। महाकाल के नाम की टी-शर्ट खूब भा रही है। विक्रेता आकाश ने बताया कि हर-हर महादेव वाला कुर्ता काफी खरीदा जा रहा है। अंगोछे भी अलग-अलग रंगों में हैं। टाइगर प्रिंट का गमछा भी काफी पसंद किया जा रहा है।

कांवड़ यात्रा के लिए कपड़ों के दाम

गमछे – 20 से 45 रुपये तक
कुर्ते – 60 से 120 रुपये तक
टी-शर्ट – 100 से 550 तक
तौलिया – 25 से 50 रुपये तक
तिरंगा – 70 से 1200 रुपये तक।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस