सूखे मेवे पर भी चढा मंहगाई का रंग।
उझानी बदांयू 16 जुलाई।
आस्था के प्रतीक सावन माह में शिव की आराधना करने वाले शिवभक्तों के लिए महंगाई बढ़ गई है। मांग ज्यादा होने से फल, फूल, मेवा व मिष्ठान के भाव आसमान छूने लगे हैं। बाजार में सेब का भाव 250 रुपये किलो तक पहुंच गया है। फूलों के दाम में भी 20 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है।
सावन में घर-घर शिव आराधना के साथ भक्त उपवास रखते हैं। इसके अलावा घरों व मंदिरों में पूजा करते हैं। ऐसे में फलों व फूलों की खपत बढ़ने से इनके दाम आसमान छूने लगे हैं।
मंगलवार को बाजार में आम 30 की जगह 60 रुपये किलो बिका। सेब 240 से 300 रुपये किलो, केला 60 रुपये दर्जन, अनार 150 रुपये व पपीता 60 की जगह 80 रुपये किलो बिका। अमरूद 60 रूपए किलो तो नारियल भी 60 रुपये प्रति पीस का भाव रहा।
किराना व्यापारी सुभाष माहेश्वरी ने बताया कि मेवा के दाम में अधिक बढ़ोतरी नहीं हुई, लेकिन पहले से कुछ दाम बढ़ गए हैं। बादाम व काजू एक हजार रुपये किलो, किशमिश 400, छुआरा 290 से 350 रुपये किलो,मखाने 1300 से 1500 रूपये किलो तक बिक रहा है।
उधर, फूल विक्रेता रिंकू ने बताया कि बारिश के कारण फूलों के दामों में बढ़ोतरी हुई है। फूलों के रेट 20 से 40 रुपये प्रति किलो तक बढ़ोतरी हुई है। गुलाब 150 रुपये किलो, गेंदा 200, चमेली 350 रुपये किलो बिक रहा है।
फल विक्रेता जावेद व राजू ने बताया कि बाजार में आम, सेब, केला व अनार के भाव बढ गये है। जैसा आ रहा है उसी हिसाब से बिक्री हो रही है। इसका सावन से कुछ लेना-देना नहीं।
राजेश वार्ष्णेय एमके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
