बदांयू 1 जुलाई।
पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश और बादल फटने जैसी घटनाओं के बाद से गंगा के जलस्तर में बीते दो दिन से बढ़ोतरी देखी जा रही है। पानी का दबाव बढ़ा तो हरिद्वार बैराज , बिजनौर बैराज से पानी का डिस्चार्ज बढ़ाया गया। अब पानी का दबाव नरौरा बैराज की ओर है।
बीते तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। सोमवार को यह वृद्धि 20 सेंटीमीटर की रही।सोमवार को दिनभर गंगा के जलस्तर में वृद्धि देखी गई। मंगलवार को नरौरा से और डिस्चार्ज बढ़ेगा। डिस्चार्ज बढ़ने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग अलर्ट पर है।
जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय ने जिले के सभी एसडीएम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गंगा में सुबह 8 बजे हरिद्वार से 1.12 लाख क्यूसेक का डिस्चार्ज हुआ। वहीं बिजनौर से 1.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नरौरा बैराज से कछला की ओर करीब 75 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हुआ है। यह डिस्चार्ज आज और बढ़ने की उम्मीद है। जिससे गंगा की सूखी पड़ी तलहटी पूरी तरह से जलमग्न हो जाएगी।
कछला ब्रिज पर गंगा का जलस्तर 161.75 मीटर के निशान पर आ गया। यह जलस्तर 24 घंटे पहले 161.55 मीटर के निशान के निशान पर था। हालांकि हाई-फ्लड से गंगा का जलस्तर अभी सवा दो मीटर नीचे है। जिले में फिलहाल बाढ़ की कोई स्थिति नहीं है। पहले चरण में बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी से नदी की तलहटी ही भर पाएगी। जिससे कोई खतरा नहीं है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com