प्रदीप प्रजापति की रिपोर्ट
बसपा जिलाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप, 10 पर मुकदमा दर्ज
बदायूं। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष आरपी त्यागी ने सोशल मीडिया पर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सिविल लाइंस कोतवाली में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। यह विवाद बसपा की संगठनात्मक समीक्षा के बाद शुरू हुआ, जब 17 जून को दातागंज विधानसभा अध्यक्ष राजेश कुमार को हटाकर उनकी जगह अभिषेक भारती की नियुक्ति की गई।
जिलाध्यक्ष का आरोप है कि पद से हटाए गए नेता और उनके समर्थकों ने फेसबुक व व्हाट्सएप पर अभद्र और मानहानिकारक पोस्ट डाले। इतना ही नहीं, 21 जून को एक व्यक्ति ने उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी और उस कॉल की रिकॉर्डिंग को भी वायरल कर दिया।
आरपी त्यागी, जो 23 वर्षों तक शासकीय अधिवक्ता रह चुके हैं और भीमराव अंबेडकर से जुड़े आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं, ने इस पूरे घटनाक्रम को पार्टी और व्यक्तिगत सम्मान पर हमला बताया।
पुलिस ने राजेश कुमार समेत 10 नामजद आरोपियों व “मैं भी कांशीराम बदायूं” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के खिलाफ केस दर्ज किया है। साइबर सेल को जांच सौंप दी गई है, और जल्द साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की बात कही गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com