प्रदीप प्रजापति
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव कथरा खगेई में शुक्रवार को आयोजित एक राजनीतिक सभा ने स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक दलों के बीच टकराव की स्थिति पैदा कर दी। सभा का आयोजन*महान दल द्वारा किया गया था, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य समेत कई नेता मौजूद रहे।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, यह सभा बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित की गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभा को रोकने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
सभा के दौरान कुछ राजनीतिक वक्तव्यों को भड़काऊ और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाला बताया गया, जिस पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। इस बीच नेताओं और समर्थकों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
केशव देव मौर्य ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बयान जारी करते हुए कहा कि “पुलिसिया रवैया विपक्ष की आवाज़ को दबाने की कोशिश है।” उन्होंने सरकार से इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो प्रदेशव्यापी लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
वहीं, पुलिस ने मामले में 18 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। थानाध्यक्ष मानबहादुर सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून व्यवस्था से किसी को खिलवाड़ करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
