अनिवार्य होगा ओटीपी
बदांयू 12 जून।
तत्काल टिकटों में सेंधमारी को रोकने व यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से रेलवे विभाग ने एक जुलाई से बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। इसके तहत आधार ऑथेंटिक यूजर्स ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप से टिकट बुक कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त अधिकृत एजेंटों को दिए जाने वाले तत्काल टिकट बुकिंग के समय में आधे घंटे की कटौती की गई है। इस दौरान यात्री टिकट बुक कर सकेंगे।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) की वेबसाइट व एप से रिजर्वेशन टिकट बुक कराए जाते हैं। तत्काल टिकटों की बुकिंग सुबह दस बजे से शुरू होती है। लेकिन इन टिकटों में दलाल सेंधमारी करते हैं, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाते। ऐसे में रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग व्यवस्था में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत आधार ऑथेंटिक यूजर ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे।
रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि आम जनता को तत्काल टिकट बुकिंग का लाभ सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है। इससे अनाधिकृत रूप से टिकट बुक कराने वालों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि पहली जुलाई से आईआरसीटीसी की वेबसाइट व एप से आधार ऑथेंटिक यूजर ही तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे। इतना ही नहीं 15 जुलाई से आधार बेस्ड ओटीपी आने पर ही टिकट बुक हो सकेगा। ओटीपी नहीं भरने पर टिकट बुक नहीं होगा। यह व्यवस्था काउंटरों पर भी लागू होगी। टिकट बुक कराने आने वाले ग्राहकों के मोबाइल नंबर पर ओटीपी जाएगी, जिसे बताने के बाद ही काउंटर से तत्काल टिकट मिल सकेगा।
एजेंटों के समय में आधे घंटे की कटौती
सीनियर डीसीएम ने बताया कि अधिकृत टिकट एजेंटों को मिलने वाले तत्काल टिकट बुकिंग के समय में आधे घंटे की कटौती की गई है। इस समय में यात्री टिकट बुक करवा सकेंगे। मसलन, एजेंटों को एसी क्लास के तत्काल टिकटों के लिए लिए सुबह 10 से 10:30 बजे तक और नॉन एसी क्लास के लिए सुबह 11 से 11:30 बजे तक टिकट बुक करने की अनुमति अब नहीं होगी। इस अवधि में केवल आम यात्री ही टिकट बुक कर सकेंगे।
ऐसे लिंक करें आधार
आईआरसीटीसी वेबसाइट व एप पर यूजर आसानी से अपने अकाउंट को आधार से लिंक कर सकते हैं। लॉग इन करने के बाद माई अकाउंट के विकल्प पर जाना होगा। इसमें ऑथेंटिकेट यूजर का विकल्प आएगा, जिस पर क्लिक करने के बाद आधार और पैन आधारित ऑथेंटिकेशन का विकल्प आएगा। यूजर चाहे तो दोनों व्यवस्थाओं से ऑथेंटिकेट कर सकता है। आधार या पैन नंबर डालने पर मोबाइल पर ओटीपी आएगा, जिसकी पुष्टि करने के बाद आधार एकाउंट से जुड़ जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
