बदांयू 12 जून।
43 डिग्री का तापमान और चिलचिलाती धूप। इन हालातों के बीच बुधवार को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने वाले लोगों की त्वचा लाल पड़ गई। कुछ ही दूरी तक चलने के बाद लोग निढाल होते नजर आए।
न्यूनतम तापमान में बीते दिन की अपेक्षा 1 डिग्री की वृद्धि रही और ये 31 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके कारण लोगाें को और भी बेचैनी महसूस हुई। अभी दो दिन और इसी तरह की गर्मी और पड़ने का अनुमान जताया गया है।
बुधवार को गर्मी का आलम यह था कि सुबह 6 बजे से धूप निकल आई थी। 10 बजे तक इतनी तेज हो गई कि बाहर निकलने में लोग कतरा रहे थे। जिस तरह के हालात आमतौर पर दोपहर के समय होते हैं, ऐसा मौसम सुबह 10 बजे से ही बन गया था। दफ्तर, दुकान आदि कार्यस्थलों पर जाने वाले लोग खासे परेशान नजर आए। कोई छतरी लगाकर तो कोई सिर पर अंगोछा, कैप आदि के जरिये धूप से बचने की कोशिश करता नजर आया।
जैसे-जैसे समय बढ़ा, गर्मी का प्रकोप और बढ़ता गया। दोपहर के समय जब तापमान 43 डिग्री पर जा पहुंचा तो लोगों को गर्मी असहनीय महसूस होने लगी। इसका सीधा असर बाजारों में देखने को मिला। ग्राहक नदारद थे और दुकानदार इंतजार करते नजर आ रहे थे।
दो दिन बाद राहत की उम्मीद मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी भीषण गर्मी पड़ेगी। शुक्रवार की शाम को बादल, बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद हफ्ते भर तक बादल और बूंदाबांदी वाला मौसम रहेगा। अधिक बरसात नहीं होगी लेकिन गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
सोम्य सोनी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com