गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में हिन्दी विभाग की डॉ. निशि अवस्थी का विदाई समारोह मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाविद्यालय के सचिव आदरणीय गौरव रस्तोगी जी , आदरणीय प्राचार्या डॉ. सरला देवी चक्रवर्ती एवं सभी शिक्षिकाओं ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। प्राचार्या डॉ. सरला ने डॉ. निशि अवस्थी को उनकी व्यापक एवं विविधतापूर्ण शिक्षण यात्रा को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए बधाई दी तथा महाविद्यालय के प्रति उनके समर्पण के लिए आभार भी व्यक्त किया। सचिव आदरणीय गौरव रस्तोगी जी ने शिक्षिका के रूप में डॉ.निशि अवस्थी की उपलब्धियों के लिए उनका हार्दिक सम्मान व्यक्त किया तथा सेवानिवृत्ति के बाद उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं सुखी जीवन की कामना की। महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाओं एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने उनके प्रति गहरा सम्मान एवं लगाव व्यक्त किया। डॉ. निशि अवस्थी ने इस भावपूर्ण विदाई समारोह के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिखा पाण्डेय के द्वारा किया गया। अंततः खुश लेकिन नम आंखों से सभी ने डॉ. निशि अवस्थी को विदाई दी।
——— सौम्य सोनी जिला संवाददाता 




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

