उझानी बदांयू 1 फरवरी।
10 दिनों के बाद शनिवार सुबह वातावरण में फिर कोहरा छाया नजर आया। इसके कारण सुबह के समय वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गए। इस कोहरे से गेंहू की पैदावार में बढ़ोतरी होने के चलते किसान खुश हैं। जनवरी में शुरू के सप्ताह में कोहरा पडा इसके बाद मौसम में बदलाव आया और कोहरा पड़ना बंद हो गया। सुबह से ही धूप निकलने लगी और दोपहर में इसकी तेजी लगातार बढ़ती गई। ऐसे में सबसे अधिक चिंता किसानों को हो रही थी। तापमान बढ़ने और तेज धूप की वजह से गेहूं सहित अन्य फसलों पर खतरा मंडराने लगा था। नमी सूखने से अतिरिक्त सिंचाई की भी जरूरत पड़ने लगी थी। किसानों का कहना था कि कोहरे से ही गेहूं की फसल में अच्छा दाना पड़ता है।
कोहरा न होने से पैदावार प्रभावित होगी। शनिवार सुबह पड़े कोहरे ने उनकी चिंताएं काफी हद तक दूर कर दीं। हालांकि, यह कोहरा सफर करने वाले लोगों के लिए परेशानी बना। लोगों को वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलाने पड़े। कस्बा व ग्रामीण अंचलों में आज सुबह 9 बजे तक घने कोहरे की बजह से जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। सड़क पर वाहन लाइटें जलाकर चल रहे थे, इसके बावजूद चालकों को नजर नहीं आ रहा था और वाहन रेंगते नजर आ रहे थे। जबकि तमाम लोगों ने वाहन सड़क किनारे खड़े कर लिऐ। सुबह 9 बजे के बाद कोहरा छटने पर ही वाहन सड़कों पर रफ्तार से दौड़ सके।————-*— राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

