बदायूं। टिथोनस इंटरनेशनल स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सम्मानित अध्यक्षा श्रीमती मधु अग्रवाल, शैक्षणिक निदेशक श्रीमती शिल्पी बंसल, प्रबंध निदेशक श्री शरद बंसल एवं प्रधानाचार्य श्री आशीष रस्तोगी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अध्यक्षा श्रीमती मधु अग्रवाल ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके पद एवं दायित्व का औपचारिक रूप से दायित्व सौंपा। इस अवसर पर प्रधान छात्र, प्रधान छात्रा, अनुशासन प्रभारी, सांस्कृतिक कप्तान, खेल कप्तान, छात्र संपादक, ऋग, यजुर, साम एवं अथर्व सदनों के सदन कप्तानों तथा प्रीफेक्ट्स को उनके पदों की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें विद्यालय के अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और नैतिक मूल्यों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अध्यक्षा श्रीमती मधु अग्रवाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि, “नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, समर्पण और सेवा की भावना से कार्य करना है।” उन्होंने सभी छात्र नेताओं को सत्यनिष्ठा, अनुशासन एवं सेवा-भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
शैक्षणिक निदेशक श्रीमती शिल्पी बंसल ने छात्र परिषद को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेतृत्व का वास्तविक अर्थ अपने व्यवहार, निर्णय और कार्यों से दूसरों को प्रेरित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं अनुशासन को भी जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
प्रबंध निदेशक श्री शरद बंसल ने सभी नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को बधाई देते हुए आत्मविश्वास, टीम भावना, सकारात्मक सोच तथा उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने का संदेश दिया और विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने के लिए प्रेरित किया।
प्रधानाचार्य श्री आशीष रस्तोगी ने छात्र प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपने नेतृत्व, अनुशासन, उत्कृष्ट आचरण एवं समर्पण से विद्यालय के आदर्शों को आगे बढ़ाएँ तथा अपने साथियों के लिए प्रेरणास्रोत बनें।
समारोह के अंत में सभी नव-निर्वाचित छात्र नेताओं को उनके नवीन दायित्वों के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ एवं उज्ज्वल कार्यकाल की मंगलकामनाएँ दी गईं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्र परिषद अपने नेतृत्व, सेवा-भाव एवं उत्तरदायित्व के माध्यम से विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

