12:09 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

कछला में दर्दनाक हादसा: स्कूल से घर लौट रहे 3 छात्रों की बाइक की ट्रक से भिड़ंत, एक छात्र की मौत, 2 गंभीर

कछला में दर्दनाक हादसा: स्कूल से घर लौट रहे 3 छात्रों की बाइक की ट्रक से भिड़ंत, एक छात्र की मौत, 2 गंभीर।

बरेली-मथुरा हाईवे पर जीबी पंत डिग्री कॉलेज के पास हुआ हादसा, रास्ते में तोड़ा आशीष ने दम।

उझानी-बदायूं 14 जुलाई।

मंगलवार दोपहर थाना उझानी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे तीन छात्र तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान एक छात्र ने दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 1 बजे कछला राधेलाल इंटर कॉलेज के तीन छात्र बाइक से घर जा रहे थे। सराय स्वाले गांव निवासी 19 वर्षीय सुमित पुत्र चोब सिंह, 18 वर्षीय आशीष पुत्र ओमकार और रमनगला गांव निवासी 16 वर्षीय अमन पुत्र गजेंद्र जैसे ही बरेली-मथुरा हाईवे पर जीबी पंत डिग्री कॉलेज के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

दूसरी बाइक पर ज्योरा पारवारा गांव निवासी 28 वर्षीय सुनील पुत्र चुन्नीलाल सवार था, जो कछला गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में जा रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल कछला स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कछला पीएचसी पर उस समय कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था और फार्मेसिस्ट ने ही घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जबकि आज गंगा स्नान के कारण चिकित्सकों की स्पेशल ड्यूटी लगाई गई होगी।

हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को उझानी सीएचसी रेफर कर दिया।

उझानी सीएचसी में सुमित, आशीष और अमन की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया। बदायूं ले जाते समय रास्ते में ही आशीष ने दम तोड़ दिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुमित की हालत बेहद गंभीर होने के कारण परिजन उसे बरेली के ट्रामा सेंटर ले गए हैं, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं अमन का इलाज बदायूं में जारी है। दूसरी बाइक सवार सुनील का भी उपचार किया जा रहा है।

आशीष की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना उझानी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस