बदायूँ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मिनी ऑडिटोरियम, अम्बेडकर पार्क और सड़कों के प्रस्तावों पर हुई चर्चा
लखनऊ/बदायूँ।
बदायूँ शहर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को लखनऊ में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों एवं उच्च अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
विधायक ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर बजीरगंज विकास खंड में मिनी ऑडिटोरियम के निर्माण की मांग रखी। उपमुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आंकलन तैयार करने के निर्देश दिए तथा शीघ्र धनराशि स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद विधायक ने समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण से भेंट कर बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्कों के निर्माण की मांग रखी। मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए मांगों को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना से भी मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक एवं जनहित के विषयों पर चर्चा की।
वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) के प्रमुख सचिव अजय चौहान से मिलकर क्षेत्र की जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण की मांग की, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
इसके अलावा नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरु प्रकाश से मुलाकात कर विधायक ने डूडा (DUDA) के माध्यम से शहर की प्रस्तावित सड़कों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने की मांग की, ताकि शहरी क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो सके।
इस अवसर पर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बदायूँ विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

