8:48 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

किसान दिवस में गूंजे किसानों के मुद्दे, डीएपी खाद, मक्का खरीद और बिजली व्यवस्था पर उठे सवाल

बदायूं। विकास भवन में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों ने कृषि, सिंचाई, बिजली और सरकारी खरीद से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने आरोप लगाया कि जनपद में डीएपी खाद की भारी किल्लत है, सरकारी क्रय केंद्रों पर मक्का खरीद शुरू नहीं हुई है तथा फुंके ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदला जा रहा है।

किसानों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) मौजूद होने के बावजूद किसानों की समस्याएं सुनने नहीं पहुंचे। साथ ही कई विभागों के अधिकारी भी अनुपस्थित रहे, जिससे दूर-दराज से आए किसानों को निराश होकर लौटना पड़ा।

किसानों ने सहसवान मंडी परिसर में पूर्व में संचालित सरकारी धान क्रय केंद्र तथा वहां खरीदे गए धान से संबंधित जानकारी अब तक उपलब्ध न होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनपद में मक्का का उत्पादन अधिक होने के बावजूद सरकारी खरीद का लक्ष्य बेहद कम रखा गया है, जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सहकारी समितियों में उपलब्ध डीएपी खाद को तत्काल गोदामों तक पहुंचाया जाए, कम वोल्टेज से बार-बार फुंक रहे ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए तथा ट्रांसफार्मर बदलने के नाम पर रिश्वतखोरी पर रोक लगे।

किसानों ने खतौनियों में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि लेखपाल बिना सुविधा शुल्क के कार्य नहीं कर रहे हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अतिरिक्त पशु चिकित्सा अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में रियोनाई बाजार में पशु चिकित्सालय हेतु आवंटित तीन बीघा भूमि पर अस्पताल निर्माण कराने अथवा भूमि ग्राम सभा को वापस करने की मांग की गई।

इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष रमाशंकर शंखधार, जिला प्रभारी झाइन सिंह, जिला महासचिव नरेंद्र सक्सेना, जिला प्रवक्ता शाहिद, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, युवा मंडल अध्यक्ष दिनेश यादव, मंडल सचिव विनोद सक्सेना, तहसील अध्यक्ष अर्जुन सिंह, बृजपाल प्रजापति, पप्पू सैफी, अंजर खान, राजेश्वर सिंह यादव, हारून घोष, पालन सिंह, जमुना सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस