6:19 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

कछला पुल से गंगा में कूदा 65 वर्षीय बुजुर्ग, पुलिस ने बचाया

घरेलू कलह से परेशान थे वीरन सिंह।

उझानी-बदांयू 15 जुलाई।

जनपद बदायूं के थाना उझानी क्षेत्र में बुधवार दोपहर कछला भागीरथी गंगा घाट पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक बुजुर्ग ने घरेलू कलह से तंग आकर कछला पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी। समय रहते पुलिस की मुस्तैदी से बुजुर्ग को सकुशल बचा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, कासगंज जिले के थाना सहावर क्षेत्र के गांव खाता फरीदपुर निवासी 65 वर्षीय वीरन सिंह पुत्र वंशीलाल किसी अंतिम संस्कार में शामिल होने कछला गंगा घाट आए थे। दोपहर करीब 2 बजे के आसपास वह अचानक घरेलू परेशानियों का हवाला देते हुए पुल से नदी में कूद गए।

घटना की सूचना मिलते ही कछला पुलिस चौकी से कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल अजीत कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने नदी में उतरकर वीरन सिंह को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग को उनके भाई हरप्रसाद के सुपुर्द कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर घर चले गए।

पुलिस के अनुसार बुजुर्ग ने पूछताछ में घरेलू कलह के कारण ऐसा कदम उठाने की बात बताई। फिलहाल परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की और कहा कि समय पर मदद न मिलती तो अनहोनी हो सकती थी।

विज्ञापन एक्सप्रेस