1:38 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

हर-हर गंगे” से गूंजा कछला घाट: आषाढ़ अमावस्या पर लाखों का आस्था सैलाब

आस्था, आस्था और सिर्फ आस्था।

उझानी-बदांयू 14 जुलाई।

ब्रह्ममुहूर्त की पहली बेला में ही बदायूं के कछला गंगा घाट पर आस्था का ज्वार उफन पड़ा। आषाढ़ अमावस्या के पावन अवसर पर मंगलवार तड़के से ही दूर-दराज से आए लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा की निर्मल धारा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। घाटों पर “हर-हर गंगे” के जयघोष ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।

स्नान के बाद श्रद्धालु घाटों पर हवन-पूजन, कथा श्रवण और पितरों के निमित्त तर्पण में जुटे रहे। दान-पुण्य के साथ-साथ नवजात बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए। सुबह होते-होते पूरा क्षेत्र मेले के रंग में रंग गया। दुकानों पर प्रसाद, पूजा सामग्री और लोकगीतों की गूंज ने आस्था को और प्रगाढ़ कर दिया।

इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। कछला घाट पर पुलिस, पीएसी और फ्लड पीएसी के जवान मुस्तैदी से तैनात रहे।

जल पुलिस और गोताखोर मोटरबोट से गंगा में लगातार गश्त कर रहे हैं। गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। लाउडस्पीकर से श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की अपील की जा रही है।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात संचालन पर पल-पल नजर रखी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, अग्निशमन विभाग और अन्य राहत दल भी मौके पर तैनात किए गए हैं।

आस्था का यह सैलाब सड़क तक ही सीमित नहीं रहा। बदायूं , उझानी,कछला हाल्ट रेलवे स्टेशन पर भी सुबह से ही रौनक रही। कछला गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के कारण कई ट्रेनों के सामान्य डिब्बों में अत्यधिक भीड़ देखी गई। प्लेटफॉर्म यात्रियों से खचाखच भरे रहे।

आषाढ़ अमावस्या पर बदायूं के कछला का गंगा घाट श्रद्धा, सुरक्षा और व्यवस्था का संगम बन गए। आस्था की इस डुबकी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि गंगा सिर्फ नदी नहीं, करोड़ों लोगों की आस्था की धारा है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस