4:17 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा हेतु मजिस्ट्रेट नामित, व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

बदायूं: 13 जुलाई। जिलाधिकारी अवनीश राय ने 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ जी की रथ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि रथ यात्रा विरुआबाड़ी मंदिर से प्रारंभ होकर पथिक चौक, टिकटगंज, हलवाई चौक, मढ़ई चौक, काली सड़क होते हुए पुनः विरुआबाड़ी मंदिर पर समाप्त होगी। यात्रा के समापन तक नगर मजिस्ट्रेट नगर क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए स्थिति पर सतत निगरानी रखेंगे।
रथ यात्रा के दौरान उप जिलाधिकारी सदर यात्रा के अग्रभाग, तहसीलदार सदर यात्रा के मध्य तथा तहसीलदार (न्यायिक) यात्रा के पीछे रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की जिम्मेदारी निभाएंगे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा-163 के प्रावधानों का आवश्यकता पड़ने पर अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने नामित अधिकारियों को यात्रा मार्ग का पूर्व निरीक्षण कर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बदायूं को यात्रा मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा ढीले या लटकते हुए विद्युत तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी को रथ यात्रा के दृष्टिगत एम्बुलेंस सहित आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी को अग्नि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही बाइक माउंटेड फायर फाइटिंग उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को रथ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित कराने तथा समस्त संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस