बदायूँ: मामूली बात पर पड़ोसियों ने महिला और उसकी बहन को पीटा, कोतवाली में 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज।
बदांयू 12 जुलाई।
कोतवाली क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक महिला और उसकी बहन के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटयाली सराय निवासी अंजू पुत्री झाझनलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे वह अपने घर की छत पर थी। इसी दौरान पड़ोसी ब्रजपाल पुत्र चिरंजीवी, उसकी पत्नी राधा रानी, पुत्र दीपक, पुत्री खुशबू और पुत्रवधू ज्योति पत्नी दीपक एक राय होकर उसे गाली-गलौज करने लगे।
अंजू ने विरोध किया तो सभी आरोपी उसकी छत पर चढ़ आए और लाठी-डंडे व लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसकी छोटी बहन रिंकी बीच-बचाव करने आई तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि हमले में उसके दाहिने हाथ में खुली चोट और शरीर पर गुम चोटें आई हैं। वहीं बहन रिंकी के हाथ और शरीर पर भी चोटें आई हैं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बचाया।
कोतवाली पुलिस ने अंजू की शिकायत पर ब्रजपाल, राधा रानी, दीपक, खुशबू और ज्योति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह को सौंपी गई है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

